भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने कहा है कि भविष्य के युद्ध केवल किसी एक सैन्य बल के भरोसे नहीं लड़े जा सकते। उन्होंने स्पष्ट किया कि बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य में सेना, नौसेना और वायुसेना के बीच बेहतर समन्वय और संयुक्त अभियान ही सफलता की कुंजी होंगे।
कर्नाटक के करवार में माहे श्रेणी के पनडुब्बी रोधी शैलो वाटर क्राफ्ट (ASW-SWC) के दूसरे पोत आईएनएस मालवन के जलावतरण समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सशस्त्र बलों को एक राष्ट्र के रूप में मिलकर कार्य करना होगा। उनके अनुसार, भविष्य के संघर्षों में तीनों सेनाओं और अन्य संबद्ध सेवाओं की संयुक्त भूमिका ही निर्णायक साबित होगी।

