CM Rekha Gupta: दिल्ली विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने डिप्टी स्पीकर पद के लिए अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने विधायक मोहन सिंह बिष्ट को इस पद के लिए चुना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता विधानसभा में उनके नाम का औपचारिक प्रस्ताव पेश करेंगी।
कौन हैं मोहन सिंह बिष्ट?
मोहन सिंह बिष्ट ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में मुस्तफाबाद सीट से जीत हासिल की थी। यह सीट इस बार कड़े मुकाबले का गवाह बनी, जहां असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम से ताहिर हुसैन, आम आदमी पार्टी से आदिल अहमद खान और कांग्रेस से अली मेहदी जैसे मजबूत प्रत्याशी मैदान में थे। बावजूद इसके, बिष्ट ने सभी को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के अजोली गांव से ताल्लुक रखने वाले मोहन सिंह बिष्ट 1976 में दिल्ली आए और शुरुआत से ही भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे। राजनीति में उनकी सक्रियता और मेहनत का परिणाम यह रहा कि 1998 में उन्होंने पहली बार विधायक का चुनाव जीता। तब से लेकर अब तक वह लगातार चुनावी जीत दर्ज करते आ रहे हैं, जिससे उनकी लोकप्रियता और प्रभाव स्पष्ट होता है।
