दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र UPDATE
- मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा में वर्ष 2025-26 का आर्थिक सर्वेक्षण सदन के पटल पर रखा.
-
शाहदरा से भाजपा विधायक संजय गोयल ने प्राइवेट अस्पतालों द्वारा ईडब्ल्यूएस के 10% मरीजों को मुफ्त इलाज न देने का मुद्दा उठाया.
- नियम 280 विशेष उल्लेख के तहत कृष्णा नगर से भाजपा विधायक डॉ. अनिल गोयल ने स्वतंत्रता सेनानियों की पेंशन बढ़ाने का मुद्दा उठाया.
- विश्वास नगर से भाजपा विधायक ओम प्रकाश शर्मा ने अपने क्षेत्र में पानी की पुरानी पाइपलाइन और गंदे पानी की आपूर्ति का मुद्दा उठाया.
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासन प्रमुख के तौर पर 8931 दिन पूरे होने पर दिल्ली विधानसभा ने विपक्ष की अनुपस्थिति में बधाई प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किया.
- सीएम रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 8931 दिन पूरे होने पर कहा, “मोदी जी ने 365 दिन देश हित में काम कैसे करते हैं यह सिखाया. मोदी जी ने अपनी लोकनीति और विदेश नीति के माध्यम से देश को गड्ढों से निकाल कर उन्होंने अपने शासन के माध्यम से तकनीक से लेकर भविष्य की अप्रोच तक हर दिशा में भारत को आगे बढ़ाने का काम किया.”
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 8931 दिन पूरे कर रिकॉर्ड बनाने पर उन्हें बधाई देने के प्रस्ताव पर सदन में चर्चा शुरू.
- नियम 280 के तहत चर्चा शुरू होने से पहले मंत्री आशीष सूद ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 8931 दिन पूरे होने पर सदन से बधाई प्रस्ताव पारित करने का आग्रह किया.
- सदन की शुरुआत के साथ विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने भारतीय टीम को टी-20 विश्वकप जीतने पर बधाई दी.
नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो गया है. रेखा सरकार दूसरी बार बजट पेश करने जा रही है. इस बजट सत्र की शुरुआत दूसरी बार खीर सेरेमनी से हुई. पिछले वर्ष इसकी शुरुआत बीजेपी सरकार ने की थी. हालांकि संसद में जब केंद्र सरकार बजट पेश करती है तब उससे पहले “हलवा सेरेमनी” का आयोजन होता रहा है.

24 मार्च को मुख्यमंत्री पेश करेंगी विकसित दिल्ली बजट के लिए बजट
रेखा सरकार विधानसभा में 24 मार्च को विकसित दिल्ली का बजट पेश करेगी. इस बजट के लिए हज़ारों सुझाव और अपेक्षाएँ वाट्सएप और ईमेल के द्वारा दिल्लीवासियों से प्राप्त हुए है. दिल्ली बजट के लिए महिलाओं, शिक्षाविदों, व्यापारियों, औद्योगिक संगठनों, किसानों, विधायकों, सांसदों, युवाओं, डॉक्टर, सीए ,नगर निगम पार्षद एवं कर्मचारी, झुग्गी निवासियों और इन्फ्लुएंसर्स आदि के साथ संवाद किया गया.
बजट में दिल्ली के आम लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिसमें विशेष रूप से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण,बिजली और पानी की सुचारू आपूर्ति, बरसात में जल भराव की समस्या का निदान, वायु प्रदूषण पर नियंत्रण, यमुना की सफाई, शिक्षा के विस्तार, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, बुनियादी ढांचे के विकास और रोजगार के अवसरों को प्रमुखता से शामिल किया जाएगा. गत वर्ष रेखा सरकार ने 1 लाख करोड़ का बजट पेश किया था.

