यमुनानगर, 1 जनवरी — नववर्ष 2026 के अवसर पर पूर्व मेयर एवं प्रदेश अध्यक्ष, ओबीसी मोर्चा, भाजपा हरियाणा मदन चौहान ने प्रदेश और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नया वर्ष हरियाणा के लिए विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई संभावनाएँ लेकर आया है।
अपने संदेश में मदन चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। आत्मनिर्भर भारत, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित और युवा अवसरों के क्षेत्र में देश ने जो उपलब्धियाँ हासिल की हैं, वे पूरी दुनिया के लिए प्रेरणादायी हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार ने पारदर्शिता, ईमानदारी और संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण प्रस्तुत किया है। विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को ₹2100 की आर्थिक सहायता, महिला स्वास्थ्य, सुरक्षा, शिक्षा और स्वरोज़गार से जुड़ी योजनाओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मदन चौहान ने कहा कि रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, महिला कल्याण, दिव्यांग सहायता और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में किए गए कार्यों से आम नागरिक का भरोसा सरकार पर और मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि नववर्ष यह संकल्प लेने का अवसर है कि हम सभी प्रधानमंत्री मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए हरियाणा को विकास के शिखर पर पहुँचाने में सहभागी बनें।
अंत में उन्होंने कामना की कि नववर्ष प्रदेश के हर परिवार के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली लेकर आए तथा हरियाणा प्रगति और आत्मनिर्भरता की दिशा में और तेज़ी से आगे बढ़े।

