लंदन। ब्रिटेन में मंगलवार से महाराजा चार्ल्स तृतीय के चित्र व मधुमक्खियों के डिजाइन वाले एक पाउंड के पहले सिक्के प्रचलन में आ गए हैं। देश भर के डाकघरों और बैंकों के माध्यम से कुल 29.75 लाख सिक्के नकदी प्रचलन में आएंगे। ब्रिटेन की टकसाल ‘रॉयल मिंट’ के अनुसार, मधुमक्खियों के डिजाइन वाला पाउंड आठ नए डिजाइन में से एक है जो एक पेंस से दो पाउंड मूल्यवर्ग में सिक्कों पर दिखाई देंगे। इनमें हेजल डोरमाउस, पफिन और अटलांटिक सैल्मन जैसे जीव-जंतु भी शामिल हैं। ये सभी प्रजातियां संरक्षण कार्यक्रमों में शामिल हैं, जो चार्ल्स तृतीय (75) की पर्यावरण संबंधी चिंताओं को दर्शाता है।
‘रॉयल मिंट’ में स्मृति सिक्का निदेशक रेबेका मॉर्गन ने कहा, ‘‘रॉयल मिंट ने (पूर्ववर्ती सम्राट) अल्फ्रेड द ग्रेट के बाद से ब्रिटेन के प्रत्येक महाराजा-महारानी के सिक्के बनाए हैं और यह बताते हुए हमें गर्व हो रहा है कि चार्ल्स तृतीय का एक पाउंड का सिक्का अब प्रचलन में है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें पता है कि एतिहासिक सिक्के को पाने के लिए संग्रहकर्ताओं और आम लोगों में उत्साह की लहर पैदा होगी। हमें उम्मीद है कि सभी सिक्कों के डिजाइन इन महत्वपूर्ण प्रजातियों के संरक्षण के बारे में गहन संवाद को बढ़ावा देंगे।’’ यह डिजाइन ब्रिटेन में पाई जाने वाली भौंरा, राजमिस्त्री मधुमक्खियां और श्रमिक मधुमक्खियां समेत मधुमक्खियों की 250 से अधिक प्रजातियों का प्रतीक है।