चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने राज्य के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक लालजीत सिंह भुल्लर को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया. भुल्लर पर अमृतसर स्थित पंजाब राज्य भंडारण निगम के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है.
आत्महत्या मामले की जांच कर रहे अधिकारी रविंदर पाल सिंह ने कहा कि लालजीत भुल्लर को श्री फतेहगढ़ साहिब जिले के मंडी गोबिंदगढ़ से गिरफ्तार किया गया. पूर्व मंत्री को अमृतसर ले जाया जा रहा है.
लालजीत भुल्लर की गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक पोस्ट में लिखा, मेरे लिए पूरा पंजाब एक परिवार है. पंजाब में जो भी कानून तोड़ेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह किसी भी पद पर हो या मेरा रिश्तेदार हो या कोई प्रभावशाली व्यक्ति हो. किसी को बचाना हमारी पार्टी का एजेंडा नहीं है. कैश और डिमांड पूरी तरह से मना है.”
रंधावा ने बीते शनिवार को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी. उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने भुल्लर पर उन्हें प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. भुल्लर ने विवाद के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर उसी दिन मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था.
पुलिस ने शनिवार रात भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 351 (3) (आपराधिक धमकी) और 3 (5) (सामान्य इरादा) के तहत एक मामला दर्ज किया था.
इससे पहले, गगनदीप सिंह रंधावा के परिवार ने पंजाब सरकार को भुल्लर को गिरफ्तार करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था. रंधावा के परिवार ने कहा था कि भुल्लर की गिरफ्तारी तक वे पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार नहीं होने देंगे.
रंधावा के परिवार ने सोमवार को अमृतसर में मीडिया से बात करते हुए भुल्लर की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी जताई थी और उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी. रंधावा की पत्नी उपिंदर कौर, जो विज्ञान की शिक्षिका हैं, ने कहा, “मेरा अल्टीमेटम है कि अगर 24 घंटे के भीतर कुछ नहीं किया गया, तो मैं अपने बच्चों (दो बेटियों और एक बेटे) के साथ सड़क पर उतर जाऊंगी.”
गगनदीप सिंह रंधावा की मौते के बाद विपक्षी दलों ने भी पूर्व मंत्री की गिरफ्तारी की मांग करते हुए आम आदमी पार्टी की सरकार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था.
गिरफ्तारी से पहले पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मैं लोगों की भलाई के लिए काम करता हूं. लेकिन आज जो अफवाहें फैलाई जा रही हैं कि मैं भाग गया हूं… यह सच नहीं है. मैं कभी भी सच्चाई से भागने वालों में से नहीं हूं. मुझे देश के कानून पर पूरा भरोसा है और न्याय व्यवस्था पर भी अटूट विश्वास है. मैं कहीं भागा नहीं हूं, मैं अपने पंजाब में हूं. सच्चाई और न्याय पर विश्वास करते हुए, मैं मंडी गोबिंदगढ़ में सरेंडर कर रहा हूं.
