पहलगाम में हुई आतंकवादी वारदात के बाद पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी कर रहा है। बीते दो दिनों से पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं। पाकिस्तानी सैन्य चौकियों से की गई इस फायरिंग का भारत की सेना ने सख्त जवाब दिया है। सेना ने इस मामले में बताया कि 25-26 अप्रैल की रात को कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पार पाकिस्तानी सेना की विभिन्न चौकियों से फायरिंग की गई। यह फायरिंग बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से की गई। भारतीय सैनिकों ने छोटे हथियारों से इस गोलीबारी का उचित जवाब दिया। सेना के मुताबिक इस गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इससे पहले शुक्रवार को भी नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी हुई थी। शुक्रवार को भी यह फायरिंग पाकिस्तान द्वारा शुरू की गई। भारतीय सेना ने इस गोलीबारी का माकूल जवाब दिया था।
दरअसल, पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद केंद्र सरकार ने सिंधु जल समझौते को स्थगित कर दिया है। इससे भारत से होकर गुजरने वाली नदियों से पाकिस्तान को जल की आपूर्ति बाधित होगी। भारत के इस निर्णय से पाकिस्तान तिलमिलाया हुआ है। वहीं भारत का दो टूक कहना है कि पाकिस्तान जब तक आतंकवाद को बढ़ावा देना बंद नहीं करता, तब तक सिंधु जल समझौता स्थगित रहेगा।