नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की हालत में धीरे धीरे सुधार हो रहा है. उनकी सेहत को लेकर सर गंगाराम अस्पताल से जारी हालिया अपडेट में अस्पताल के चेयरमैन डॉक्टर अजय स्वरूप ने बताया है कि उनका सिस्टमिक इन्फेक्शन के लिए एंटीबायोटिक्स से इलाज चल रहा है. यह इलाज डॉ. डी.एस. राणा, डॉ. एस. नंदी और डॉ. अरूप बसु की देखरेख में हो रहा है और वे इलाज के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रही हैं.
डॉ. अजय स्वरूप ने संक्षिप्त जानकारी देते हुए बताया कि सोनिया गांधी की स्थिति फिलहाल स्थिर है. बता दें कि दिल्ली में बदलते मौसम और बढ़ते प्रदूषण की वजह से उनकी तबीयत पर असर पड़ा है. स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते मंगलवार देर रात उन्हें दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
डॉक्टरों के मुताबिक, उन्हें सीने में जकड़न और सांस लेने में हल्की तकलीफ महसूस हो रही थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखने का फैसला किया. डॉक्टरों की एक टीम ने उनके स्वास्थ्य की बारीकी से जांच की तो सिस्टमिक इंफेक्शन का पता चला, जिसके बाद उनका इलाज शुरू कर दिया गया.
उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी को कई साल से ब्रोंकियल अस्थमा की भी समस्या है. इससे पहले दिल्ली में पॉल्यूशन के चलते उनको पहले भी जनवरी माह में अस्थमा की समस्या बढ़ने पर सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हिमाचल के दौरे के समय उनकी तबीयत बिगड़ गई थी. कई दिन अस्पताल में भर्ती रहने के बाद उनको 11 जनवरी को छुट्टी दी गई थी.

