उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मंगलवार को दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम से एक कार्यक्रम में ‘हर घर तिरंगा’ बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राम मोहन नायडू, किरेन रिजिजू और मनसुख मंडाविया भी मौजूद रहे। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने हर घर तिरंगा के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा, “आज का दिन हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हर घर तिरंगा एक अभियान है जो आजादी के अमृत महोत्सव का एक हिस्सा है। 2021 में आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर लोगों के घरों में तिरंगा लगाने के लिए इस महोत्सव की शुरुआत की गई थी। अब यह एक आंदोलन बन गया है। तबसे लगातार करोड़ों लोग अपने घरों पर तिरंगे को फहराते हैं। मेरे मन में इस बात की कोई शंका नहीं है कि आने वाले 15 अगस्त को एक नया रिकॉर्ड बनेगा और हर घर तिरंगा होगा।”
- उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने ‘हर घर तिरंगा’ बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई
- इस दौरान इस कार्यक्रम में कई बड़े मंत्री भी मौजूद रहे
- कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने हर घर तिरंगा के महत्व को समझाया
भारत के तीसरी महाशक्ति बनने पर दिया जोर
अपने भाषण में आगे उन्होंने दुनिया में भारत के तीसरी महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर होने पर बल देते हुए कहा, “देशवासियों, इस अभियान का उद्देश्य लोगों के दिल में, लोगों की आत्मा में देशभक्ति की आत्मा को जगाना और भारतीय राष्ट्र ध्वज के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देना है। इस दशक में जो अप्रत्याशित सफलता हमें मिली है, जिस अप्रत्याशित प्रगति को हमने देखा है, उसके लिए पूरी दुनिया में हमारी सराहना हुई है। अर्थव्यवस्था को लेकर कहें तो आज हम दुनियां की तीसरी सबसे बड़ी महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर हैं।” बता दें, हर साल की तरह इस बार भी स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान चल रहा है। यह अभियान हर साल 15 अगस्त से एक सप्ताह पहले शुरू किया जाता है। इस बार यह अभियान 9 अगस्त से शुरू हुआ है।
कब हुई थी इसकी शुरुआत?
बता दें कि ‘हर घर तिरंगा’ एक अभियान है जो आजादी का अमृत महोत्सव का हिस्सा है। इसकी शुरुआत 2021 में लोगों को तिरंगे को घर लाने और भारत की आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में फहराने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए की गई थी। इस पहल के पीछे का विचार लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना जगाना और भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देना है। प्रधानमंत्री मोदी ने स्वतंत्रता दिवस से पहले नागरिकों को अपनी प्रोफाइल तस्वीरों को तिरंगे में बदलकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को एक जीवंत जन आंदोलन में बदलने के लिए प्रोत्साहित किया। गृह मंत्री शाह ने भी इस अपील को दोहराया और व्यापक भागीदारी और सेल्फी साझा करने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में 28 जुलाई को अपने 112वें मन की बात संबोधन के दौरान नागरिकों से इस अभियान में भाग लेने की अपील की। उन्होंने लोगों को अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पिक्चर को तिरंगे में बदलने के लिए प्रोत्साहित किया। गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस अपील को दोहराया, व्यापक भागीदारी और सेल्फी साझा करने का आग्रह किया। दोनों नेताओं ने स्वतंत्रता के संदेश का जश्न मनाने और प्रसार करने के महत्व पर जोर दिया।