नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ सोमवार को बरहेट सीट से युवा नेता गमालियल हेम्ब्रम को उम्मीदवार घोषित किया। झारखंड में आगामी 13 नवंबर और 20 नवंबर को 81 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होना है जबकि मतों की गिनती 23 नवंबर को होनी है।
पार्टी की ओर से जारी दो उम्मीदवारों की दूसरी सूची के मुताबिक, टुंडी विधानसभा सीट से विकास महतो भाजपा के उम्मीदवार होंगे। हेमंत सोरेन ने 2019 के विधानसभा चुनाव में बरहेट से भाजपा के सिमोन माल्टो को हराया था। इस चुनाव में हेम्ब्रम आल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के उम्मीदवार के रुप में मैदान में थे और वह तीसरे स्थान पर रहे थे।