मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को दिव्यांगजन के लिए दो बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन की पेंशन धनराशि में कुछ दिनों में फिर बढ़ोतरी की जाएगी। साथ ही प्रदेश के सभी 18 मंडलों में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए।
गोरखपुर क्लब में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी ने 509 दिव्यांगजन को 664 कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज की प्रगति ऊंची इमारतों से नहीं, बल्कि इस बात से तय होती है कि शासन की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है या नहीं। यही सुशासन का पहला सूत्र है।

