Sambhal Violence: उत्तर प्रदेश के संभल में 24 नवंबर को जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हिंसा भड़क गई थी। दंगाइयों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर उन पर पथराव किया। उन्होंने सड़क पर आगजनी और फायरिंग भी की। हिंसा में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इस आरोपी को पुलिस ने दिल्ली के बाटला हाउस से दबोचा है।
मामले में अब तक इतने लोगों कीहो चुकी है गिरफ्तारी
संभल में हुई हिंसा के बाद से अदनान फरार था। हिंसा के बाद अदनान दिल्ली के बाटला हाउस में छिप गया था। उन्होंने बताया कि अदनान जिले के दीपा सराय इलाके का रहने वाला है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हिंसा मामले में अब तक 50 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने संभल हिंसा मामले में कुल 7 केस दर्ज किए हैं, जिसमें 6 नामजद और 2,750 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
एक अन्य आरोपी रेहान को भी गिरफ्तार किया
अदनान के अलावा पुलिस ने इस मामले में एक अन्य आरोपी रेहान को भी गिरफ्तार किया है। 24 नवंबर को प्रदर्शन कर रहे लोगों की पुलिसकर्मियों से झड़प हो गई थी। झड़प ने जल्द ही हिंसा का रूप ले लिया, जिसमें चार लोगों की जान चली गई। कुछ पुलिस अधिकारी भी घायल हुए और कई जवान भी घायल हुए। हिंसा में दर्जनों अन्य लोग भी घायल हुए। इसके बाद पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
कार्यवाही रोकने का दिया आदेश
29 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने संभल मामले की सुनवाई कर रही अदालत से मुगलकालीन शाही जामा मस्जिद और उसके सर्वेक्षण से जुड़ी कार्यवाही रोकने को कहा था। हिंदू पक्ष का आरोप था कि मस्जिद का निर्माण मुगल बादशाह बाबर ने 1526 में एक मंदिर को तोड़कर कराया था।