हैदराबाद: धुरंधर 2 ने अपनी रिलीज का एक हफ्ता पूरा कर लिया है. धुरंधर 2 बीती 19 मार्च को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म का पेड प्रीव्यू शो भी चला था. फिल्म ने पेड प्रीव्यू और ओपनिंग डे पर मिलकर 145 करोड़ रुपये कमाए थे. अब सात दिनों में फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1000 करोड़ रुपये के पार जा चुका है. दूसरी तरफ भारत में धुरंधर 2 ने 600 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा लिए हैं. फिल्म धुरंधर 2 ने सातवें दिन की कमाई से भी कई फिल्मों के रिकॉर्ड मिट्टी में मिला दिए हैं. चलिए जानते हैं धुरंधर 2 ने सातवें दिन कितनी कमाई की है और क्या-क्या रिकॉर्ड तोड़े और बनाए हैं.
दूसरी सबसे तेज 1000 करोड़ कमाने वाली फिल्म
धुरंधर 2 ने सात दिनों में वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ रुपये कमाकर दूसरी सबसे तेज 1000 करोड़ रुपये कमाने वाली फिल्म का खिताब अपने नाम कर लिया है. अल्लू अर्जुन स्टारर पुष्पा 2 ने 6 दिनों में सबसे तेज वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड अपने नाम किया था. प्रभास की बाहुबली 2 ने 9 दिनों में 1000 करोड़ रुपये कमाए थे. इस लिस्ट में धुरंधर 2 ने बाहुबली 2 के साथ-साथ आरआरआर, केजीएफ चैप्टर 2, कल्कि 2898 एडी और पठान, जवान को भी पीछे छोड़ दिया है. अब अपने आठवें दिन की कमाई से धुरंधर 2 शाहरुख की पठान और प्रभास की कल्कि 2898 एडी के लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन (1050 करोड़ रुपये) का रिकॉर्ड तोड़ने जा रही है.
सातवें दिन की कितनी कमाई ?
वहीं, बात करें फिल्म के सातवें दिन के कलेक्शन की तो बता दें, फिल्म की कमाई में 16 फीसदी की गिरावट महसूस हुई और फिल्म ने 47.70 करोड़ रुपये की कमाई की. इसी के साथ फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 623 करोड़ रुपये हो गया है. कहा जा रहा है कि इस वीकेंड फिल्म भारत में 800 करोड़ रुपये आसानी से कमा लेगी. साथ ही वर्ल्डवाइड धुरंधर के लाइफटाइम कलेक्शन 1300 करोड़ रुपये का भी रिकॉर्ड तोड़ सकती है. विदेशों में धुरंधर 2 अभ तक 261 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी है. वर्ल्डवाइड फिल्म का कलेक्शन 1006 करोड़ रुपये हो गया है.
आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म धुरंधर: द रिवेंज बीती 19 मार्च को वर्ल्डवाइड रिलीज हुई. फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन, सारा अर्जुन, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी अहम रोल में नजर आ रहे हैं.
