संभल, ! होली का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर और ग्रामीण इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जा रही है, वहीं असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
साेमवार को पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई व जिलाधिकारी राजेंद्र पैंसिया ने होली को लेकर की गई तैयारियों का जायजा लिया। होली जुलूस मार्ग पर पड़ने वाली मस्जिदों को तिरपाल से ढकने का काम भी कराया जा रहा है। बताया गया कि जुलूस मार्ग में आने वाली आधा दर्जन से अधिक मस्जिदों को एहतियातन ढका गया है। इनमें संभल की जामा मस्जिद भी शामिल है, जहां 24 नवंबर 2024 को सर्वे की कार्रवाई के दौरान बवाल हुआ था। जामा मस्जिद का सड़क से सटा पूरा हिस्सा तिरपाल लगाकर सुरक्षित किया गया है, ताकि होली जुलूस के दौरान रंग या गुलाल से कोई आपत्तिजनक स्थिति न बने। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम आपसी सहमति और सामाजिक समरसता के तहत शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। बताया गया कि कुछ मस्जिदों को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने स्वयं ढका है, जबकि कई स्थानों पर लोगों के अनुरोध पर नगर पालिका के सहयोग से तिरपाल लगाए गए हैं। प्रशासन और समुदाय के बीच आपसी तालमेल से यह कार्य किया जा रहा है, जिससे किसी भी पक्ष को असुविधा न हो।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स की तैनाती के साथ पैदल गश्त और ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि होली का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं, किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचाएं और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

