- नई दिल्ली: 19 फरवरी 2026 : दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा, पर्यटन और श्रम मंत्री श्री कपिल मिश्रा ने गुरुवार को करावल नगर विधानसभा क्षेत्र के चौहान पट्टी बस टर्मिनल पर अटल कैंटीन का शुभारम्भ किया। श्रम मंत्री ने जरुरतमंदों को थाली परोसी और उनके साथ भोजन कर उसकी गुणवत्ता भी परखी। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के संकल्प ‘कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए’ की दिशा में माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी के नेतृत्व में यह योजना चलाई जा रही है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आज दिल्ली में 25 नई अटल कैंटीन का शुभारम्भ हुआ है, अब तक 71 अटल कैंटीन शुरू हो चुकी हैं। यह अटल कैंटीन गरीब, श्रमिक और जरूरतमंद वर्ग को मात्र 5 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराएगी। इसका उद्देश्य गरीब एवं वंचित वर्ग को भरपेट भोजन के साथ पोषण उपलब्ध कराना भी है। यहाँ बैठने की उचित व्यवस्था है और टोकन व बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
श्रम मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ दिल्लीवासियों को नहीं मिल पाया। अब आयुष्मान आरोग्य योजना से अस्पतालों में निःशुल्क इलाज के अलावा घर के नजदीक ही आरोग्य मंदिरों में निःशुल्क इलाज, जांच और दवा की सुविधा मिल रही है।
श्री कपिल मिश्रा ने कहा कि करावल नगर में दो आयुष्मान मंदिर पहले ही शुरू हो चुके हैं। नये आरोग्य मंदिर और अटल कैंटीन भगत सिंह कॉलोनी, खजूरी, सोनिया विहार ब्लॉक ए, मुकुंद विहार एवं अंकुर एन्क्लेव में शुरू करने की योजना है।
श्री कपिल मिश्रा ने कहा कि जनहित में नये मास्टर प्लान में करावल नगर के क्षेत्रों को ओ-जोन से बाहर लाने की योजना है। इससे क्षेत्र के विकास और लोगों का जीवन स्तर बेहतर करने में मदद मिलेगी।
श्री कपिल मिश्रा ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में यमुनापार क्षेत्र में विकास का बुरा हाल रहा। ट्रांस यमुना क्षेत्र विकास बोर्ड जैसे महत्वपूर्ण विभागों का काम पूरी तरह से ठप पड़ा रहा। माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी ने सरकार के पहले ही साल में 728 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उपहार यमुना पार क्षेत्रों को दिया है। साथ ही दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड के जरिये 1000 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे हैं।
करावल नगर में भी सीएम विकास निधि, विधायक निधि और अनधिकृत कॉलोनियों के विकास के लिए मिली निधि से पहले ही साल में 300 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। श्री कपिल मिश्रा ने कहा कि जितना विकास पिछली सरकार में मुख्यमंत्री की विधानसभा में भी नहीं हुआ, उतना विकास माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी के नेतृत्व में अब दिल्ली की हर विधानसभा में होगा।
श्री कपिल मिश्रा ने कहा कि सभी सरकारी स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड से पढ़ाई होगी, साथ ही विधायक निधि से स्कूलों में आधुनिक खेल सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं, जिससे छात्रों में फिटनेस और खेलों में करियर को लेकर जागरुकता बढ़े।
श्रम मंत्री ने कहा कि सोनिया विहार में इस समय सीवर का काम तेज़ी से चल रहा है। हमारा प्रयास है कि इसे 7-8 महीनों में पूरा किया जाए। सीवर डालने के बाद जो गलियाँ टूटी हुई हैं या कच्ची हैं, उन्हें पुनः बनाया जाएगा। सभापुर का सीवर भी स्वीकृत हो चुका है। सीवर व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि भविष्य में घर नीचे नहीं बैठेंगे, यह वर्षों पुरानी समस्या समाप्त हो जाएगी। करावल नगर और खजूरी में जहाँ सीवर पहले डाला गया था लेकिन चालू नहीं हुआ, उसकी सफाई का काम शुरू हो चुका है।
**********************

