नेशनल डेस्क: 1 अगस्त 2024 से FASTag उपयोगकर्ताओं के लिए कई महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव किए गए हैं। ये बदलाव, विशेष रूप से FASTag के KYC (Know Your Customer) से संबंधित हैं, और अगर इन नए नियमों का पालन समय पर नहीं किया गया, तो वाहन मालिकों को टोल प्लाजा पर दोगुना टोल चुकाना पड़ सकता है।
FASTag क्या है?
FASTag एक रेडियो फ्रिक्वेंसी आईडेंटिफिकेशन (RFID) टेक्नोलॉजी पर आधारित एक इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन सिस्टम है। इसे वाहन की विंड स्क्रीन पर लगाया जाता है। जब वाहन टोल प्लाजा पर पहुंचता है, तो FASTag स्वचालित रूप से टोल राशि को काट लेता है, जिससे यातायात की भीड़-भाड़ कम होती है और टोल भुगतान प्रक्रिया तेज हो जाती है।
नई KYC गाइडलाइंस
नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने FASTag के लिए नई KYC गाइडलाइंस जारी की हैं, जो 1 अगस्त 2024 से प्रभावी हो गई हैं। इन गाइडलाइंस के तहत, सभी FASTag उपयोगकर्ताओं को अपनी KYC जानकारी को अपडेट करना अनिवार्य है।
क्या करना होगा?
1. KYC अपडेट: सभी FASTag उपयोगकर्ताओं को अपनी KYC जानकारी 31 अक्टूबर 2024 तक अपडेट करनी होगी। इसमें वाहन की फोटो और अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं।
2. पुराने FASTag: यदि आपके पास तीन साल पुराना FASTag है, तो आपको इसे अपडेट करना होगा। इसके लिए, आपको वाहन की सामने और पीछे की फोटो अपलोड करनी होगी।
3. 5 साल पुराना FASTag: यदि आपका FASTag पांच साल पुराना है, तो आपको इसे बदलवाना पड़ेगा और नया FASTag प्राप्त करना होगा।
4. मोबाइल नंबर: अब से, प्रत्येक FASTag को एक विशेष मोबाइल नंबर से लिंक किया जाना अनिवार्य है।
