यमुनानगर/जगाधरी। नगर निगम द्वारा पहली बार सफाई कर्मचारियों के सम्मान व प्रशिक्षण के लिए जगाधरी अनाज मंडी में सफाई मित्र सम्मान एवं क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मेयर सुमन बहमनी ने एक साथ डोर टू डोर कचरा कलेक्शन में लगे 173 वाहनों का निरीक्षण किया और वाहन चालकों व सहायकों से बातचीत कर उनकी कार्यप्रणाली पूछी। इस दौरान मेयर ने सूखा, गीला समेत पांच प्रकार के कचरे को अलग अलग एकत्रित करने की जांच की। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और मजबूत बनाना, इस व्यवस्था से जुड़े सफाई कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना, उन्हें सुरक्षित कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक करना और शहर को स्वच्छ, सुंदर व स्वस्थ बनाना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मेयर सुमन बहमनी, ट्रेनी आईएएस सुमन, अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी अभिश्रुति, मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल ने डोर-टू-डोर कचरा एकत्रीकरण में लगातार सेवाएं दे रहे सफाई मित्रों को सम्मानित किया और उनके कार्य की सराहना की। कार्यशाला में स्वच्छ भारत मिशन शहरी के सलाहकार लोकेश सेन ने प्रोजेक्टर पर स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर कार्य करने और विभिन्न पहलुओं का सफाई मित्रों को प्रशिक्षण दिया। कार्यशाला के दौरान कर्मचारियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग, कार्यस्थल पर सावधानियों, कचरा पृथक्करण, गीले एवं सूखे कचरे के प्रबंधन तथा स्वच्छता से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। शहर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाने में सफाई मित्रों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। सफाई मित्र केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ रखने वाले असली नायक हैं। सुबह से लेकर शाम तक लगातार मेहनत कर ये कर्मचारी घर-घर से कचरा एकत्र करते हैं, सार्वजनिक स्थलों की सफाई करते हैं और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी करते हैं। ऐसे में इनका सम्मान करना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज की जिम्मेदारी है। आईएएस अधिकारी सुमन ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में नगर निगम की प्राथमिकता है कि प्रत्येक सफाई कर्मचारी को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। नगर निगम प्रशासन सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। सभी सफाई मित्रों को समय पर पीपीई किट, आवश्यक उपकरण और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि वे बिना किसी जोखिम के अपना कार्य कर सकें। अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने कहा कि सफाई मित्रों के सम्मान में प्रदेश में पहली बार ऐसा कार्यक्रम नगर निगम द्वारा आयोजित किया गया। जिसमें मेयर सुमन बहमनी ने डोर टू डोर कचरा कलेक्शन के 173 वाहनों का एक साथ एक जगह पर निरीक्षण किया गया और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। उन्हाेंने कहा कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है तथा नागरिकों को भी गीला व सूखा कचरा अलग-अलग देकर सहयोग करना चाहिए।
नगर निगम द्वारा समय-समय पर प्रशिक्षण और क्षमता संवर्धन कार्यशालाओं के माध्यम से कर्मचारियों को नई तकनीकों, सुरक्षित कार्य पद्धतियों और कचरा प्रबंधन के आधुनिक तरीकों की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने सभी सफाई मित्रों से अपील की कि वे अपने कार्यक्षेत्र में नियमितता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी अभिश्रुति ने कहा कि सफाई कर्मचारियों का योगदान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि वे स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्यक्ष भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को भी चाहिए कि वे कचरा अलग-अलग करके दें और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं, ताकि सफाई मित्रों का कार्य और अधिक सुगम हो सके। मौके पर सफाई निरीक्षक अमित कांबोज, सुशील शर्मा, प्रदीप दहिया, बिट्टू सिंह, अजीत सिंह, सतबीर, स्वच्छ भारत मिशन शहरी के आईईसी विशेषज्ञ दुर्गेश कुमार, आकाश कुमार आदि मौजूद रहे।

