प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज यानी बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल में भाजपा के चुनाव अभियान को तेजी प्रदान करते हुए हल्दिया, आसनसोल और सिउरी में तीन रैली करेंगे। मार्च के मध्य में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद से यह राज्य में उनका दूसरा दौरा होगा।
चुनाव स्थलों का चयन भाजपा के उस प्रयास को रेखांकित करता है जिसके तहत वह उन क्षेत्रों में अपना समर्थन मजबूत करना चाहती है जहां उसने बड़ी बढ़त हासिल की है। पार्टी साथ ही साथ सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले क्षेत्रों में भी अपनी पैठ बनाना चाहती है।
भाजपा द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, मोदी सुबह साढ़े नौ बजे पूर्वी मेदिनीपुर जिले के हल्दिया कस्बे में अपनी पहली रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह दोपहर में आसनसोल के पोलो ग्राउंड स्थित आउटडोर स्टेडियम में दूसरी रैली को संबोधित करेंगे। तीसरी जनसभा दोपहर दो बजे बीरभूम जिले के सिउरी कस्बे के चांदमारी मैदान में आयोजित की जाएगी।
हल्दिया को विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी का गढ़ माना जाता है और यह राज्य में भाजपा के सबसे मजबूत गढ़ों में से एक है। आसनसोल में प्रधानमंत्री की दूसरी रैली पश्चिम बर्धमान के औद्योगिक क्षेत्र में होगी, जिसे कभी भाजपा का गढ़ माना जाता था।

