पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सोमवार देर रात पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के मोहाली स्थित दफ्तर पर छापा मारा। इस दौरान कथित रिश्वतखोरी मामले में विजिलेंस प्रमुख के रीडर ओपी राणा समेत बिचौलियों राघव गोयल और उनके पिता विकास गोयल को गिरफ्तार किया गया। सूत्रों के अनुसार, आरोप है कि ये लोग एक मामले को निपटाने के लिए 20 लाख रुपये की सौदा कर रहे थे।
सीबीआई ने चंडीगढ़ के एक पांच सितारा होटल में जाल बिछाकर कार्रवाई की, जहां कथित तौर पर शिकायतकर्ता के साथ सौदेबाजी चल रही थी। सीबीआई टीम ने मलोट स्थित गोयल परिवार के घर पर भी छापा मारा, जहां से कुछ दस्तावेज और करीब पांच लाख रुपये नकद बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि राघव गोयल भाजपा से जुड़े एक प्रमुख नेता हैं। सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है।

