लखनऊ। सीएम योगी आदित्यनाथ आज गोरखपुर और आजमगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे। जहां वे गोरखपुर में 295 करोड़ और आजमगढ़ में 955 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली 39 बड़ी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। सीएम के दौरे को लेकर प्रशासन ने सारी तैयारियां कर ली है।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगी गति
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने दौरे को लेकर एक्स हैंडल पर ट्वीट किया है। जिसमें उन्होंने लिखा कि आज ऋषि-मुनियों की पावन तपोभूमि आजमगढ़ एवं महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पुण्यभूमि गोरखपुर विकास, जनविश्वास और लोककल्याण के नए संकल्पों की साक्षी बनेगी। आजमगढ़ में ₹955 करोड़ से अधिक की लागत से 39 तथा गोरखपुर में ₹295 करोड़ से अधिक की लागत से 319 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के साथ विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे।
जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा
सीएम योगी ने कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्रीय विकास को नई गति प्रदान करने के साथ-साथ जनसुविधाओं, अवसरों और जीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बनेंगी। इधर, सीएम के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थल महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

