जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में संयुक्त बलों ने कम से कम दो आतंकवादियों को मार गिराया है। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार शाम को उधमपुर जिले के माजलता से संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद, संयुक्त बलों ने घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके बाद आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ (गोलीबारी) हुई। अधिकारियों ने बताया, “इसके बाद हुई गोलीबारी में दो आतंकवादी मारे गए हैं। इलाके में अभियान अभी भी जारी है। मारे गए आतंकवादियों की पहचान की जा रही है।”
इस अभियान की शुरुआत जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना के विशेष पैरादूपर्स ने की थी। मुठभेड़ शुरू होते ही तुरंत अतिरिक्त बल मौके पर भेजे गए। भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) की एक संयुक्त टीम इलाके में तलाशी अभियान चला रही थी।

