भारत और कनाडा के रिश्तों में जमी बर्फ पिघलती नजर आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 और 12 दिसंबर को कनाडा की यात्रा करेंगे। ओटावा स्थित भारतीय उच्चायोग ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने भी पीएम मोदी की यात्रा की तारीखों की जानकारी दी है। इस दौरे में दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, तकनीक, सुरक्षा और आर्थिक सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
टोरंटो और ओटावा जाएंगे पीएम मोदी
ओटावा स्थित भारतीय उच्चायोग ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि पीएम मोदी 11 और 12 दिसंबर को कनाडा की यात्रा करेंगे। पोस्ट में कहा गया, ”प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ हाल में हुई बातचीत में दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में आई सकारात्मक गति को आगे बढ़ाने और व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में ठोस नतीजे हासिल करने की दिशा में काम करने पर सहमति जताई है।”

