नई दिल्लीः भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर ने अपने उद्योग-अकादमिक एवं नवाचार सम्मेलन ‘आईआईटीके समन्वय 2026’ के तीसरे संस्करण का नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में समापन किया। सम्मेलन में उद्योग, सरकार और शिक्षा जगत के प्रतिनिधियों ने अनुसंधान, तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ उद्योग एवं शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग मजबूत करने पर चर्चा की। इस दौरान आईआईटी कानपुर और गेट्स फाउंडेशन ने स्थानीय स्तर पर विकसित किफायती डायग्नोस्टिक यानी नैदानिक समाधानों को आगे बढ़ाने के लिए साझेदारी की घोषणा की।
सम्मेलन में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनकी उपस्थिति में हुई इस साझेदारी का उद्देश्य भारत के विज्ञान एवं नवाचार तंत्र को मजबूत करना और किफायती स्वास्थ्य जांच समाधानों के विकास को गति देना है।

