फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में शूटरों को हथियार मुहैया कराने की आरोपी राधा के गांव करमसेपुर पहुंचकर दिल्ली के स्पेशल सेल ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की। आरोप है कि राधा ने ट्रेन से पिस्तौल और कारतूस दिल्ली से मुंबई पहुंचाए थे। उसकी मां ने बेटी को साजिश के तहत फंसाने का दावा किया है।
मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के करमसेपुर गांव निवासी राधा का नाम अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में सामने आया है। आरोप है कि वह लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के लिए कूरियर का काम करती थी। उसने ट्रेन से पिस्तौल और कारतूस दिल्ली से मुंबई पहुंचाए और दादर में एक नाबालिग को सौंपे। इसी कड़ी को जोड़ते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सीतापुर की राधा भी शामिल बताई जा रही है।

