दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण ने एक बार फिर खतरनाक स्तर पर दस्तक दे दी है। शुक्रवार सुबह इस मौसम में पहली बार वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 403 तक पहुंच गया और हवा गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। शहर के कई इलाकों में घनी धुंध छाने से दृश्यता भी कम हो गई। सबसे खराब स्थिति आईआईटी दिल्ली की रही, जहां एक्यूआई 488 दर्ज किया गया। इसके अलावा चांदनी चौक और दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में भी प्रदूषण का स्तर बेहद चिंताजनक रहा।
आईआईटी दिल्ली में सबसे खराब स्थिति, 488 पहुंचा AQI
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के समीर ऐप के अनुसार, शुक्रवार सुबह 6:05 बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 403 दर्ज किया गया। सुबह आठ और नौ बजे भी यह इसी स्तर पर बना रहा। सुबह आठ बजे तक आंकड़े उपलब्ध कराने वाले 58 निगरानी केंद्रों में से 33 में हवा गंभीर, 24 में बेहद खराब और एक केंद्र पर मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई।

