हरिद्वार/नई दिल्ली। गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब की मूल भूमि सिख समाज को वापस दिलाने तथा वहां गुरुद्वारे के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर ऑल इंडिया सिख कॉन्फ्रेंस (बब्बर) के अध्यक्ष सरदार गुरचरण सिंह बब्बर अपने साथियों के साथ हरिद्वार जा रहे थे। इसी दौरान उत्तराखंड पुलिस ने उन्हें नारसन बॉर्डर चेक पोस्ट पर रोक दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरदार गुरचरण सिंह बब्बर हरिद्वार स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब से जुड़े मामले को लेकर हरकी पैड़ी पहुंचकर अरदास करना चाहते थे। लेकिन पुलिस द्वारा आगे जाने से रोके जाने पर उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की और अपनी गाड़ी में ही धरने पर बैठ गए।
सरदार गुरचरण सिंह बब्बर लंबे समय से गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब की मूल भूमि सिख समाज को वापस दिलाने तथा वहां भव्य गुरुद्वारे का पुनर्निर्माण कराने की मांग उठा रहे हैं। उनका कहना है कि यह मामला सिख समाज की धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा हुआ है।
इस घटना के बाद एक बार फिर गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी साहिब का मुद्दा चर्चा में आ गया है। सिख समाज की ओर से मांग की जा रही है कि इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल के समाधान के लिए संबंधित सरकार और प्रशासन गंभीरता से पहल करें।

