जम्मू। दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए 5,700 से अधिक तीर्थयात्रियों का नया जत्था बुधवार को जम्मू से रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम तक 74,000 से अधिक तीर्थयात्रियों ने 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित गुफा मंदिर में बाबा बर्फानी के दर्शन किए।
अधिकारियों ने बताया कि बालटाल और पहलगाम आधार शिविर के लिए तड़के तीन बजकर पांच मिनट पर 256 वाहनों में 5,725 तीर्थयात्रियों का छठा जत्था रवाना हुआ। उन्होंने बताया कि 3,211 तीर्थयात्रियों ने पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे पहलगाम मार्ग और 2,514 तीर्थयात्रियों ने छोटे लेकिन दुर्गम चढ़ाई वाले 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से यात्रा करने का विकल्प चुना है।