नई दिल्ली: होली के अवसर पर आम आदमी पार्टी (आप) एक अलग अंदाज में जश्न मनाने जा रही है. पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए जानकारी दी कि बुधवार को “कट्टर ईमानदार” होली मनाई जाएगी. यह कार्यक्रम वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया के घर पर होगी, जहां पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक एकजुट होंगे. केजरीवाल ने लिखा, “मैं भी कल सुबह वहीं मिलूंगा, आपके साथ होली खेलने के लिए.
‘कट्टर ईमानदार’ संदेश के साथ उत्सव:
आप पार्टी द्वारा “कट्टर ईमानदार” शब्द का इस्तेमाल पार्टी की पहचान के तौर पर किया जाता रहा है. इस बार होली के अवसर पर भी पार्टी इसी संदेश को केंद्र में रखकर जश्न मनाने की तैयारी में है. राजनीतिक हलकों में इसे एक प्रतीकात्मक आयोजन के रूप में देखा जा रहा है, जहां रंगों के साथ-साथ पार्टी अपने मूल विचार ईमानदारी और पारदर्शिता को भी दोहराएगी. कार्यक्रम में सीमित लेकिन प्रमुख कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रहेगी.
मनीष सिसोदिया के आवास पर जुटेंगे नेता और कार्यकर्ता
कार्यक्रम का आयोजन मनीष सिसोदिया के आवास पर किया जाएगा. सिसोदिया पार्टी के संस्थापक नेताओं में से एक हैं और हाल के वर्षों में राजनीतिक घटनाक्रम के कारण चर्चा में रहे हैं. ऐसे में उनके घर पर होली मनाने का निर्णय भी राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि सुबह से ही पार्टी कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू हो जाएगा. सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. अरविंद केजरीवाल के पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर इस आयोजन को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
त्योहार के बहाने राजनीतिक संदेश
होली जैसे सामाजिक और सांस्कृतिक पर्व के जरिए पार्टी एक बार फिर अपने मूल एजेंडे को रेखांकित करती नजर आ रही है. ऐसे समय में जब दिल्ली की राजनीति में बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, यह आयोजन एक तरह से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और एकजुटता दिखाने का अवसर भी माना जा रहा है. अब सबकी निगाहें बुधवार सुबह होने वाले इस कार्यक्रम पर टिकी हैं, जहां अरविंद केजरीवाल खुद मौजूद रहकर कार्यकर्ताओं के साथ रंगों का त्योहार मनाएंगे.