होली से पहले दिल्ली की महिलाओं और बेटियों के लिए बड़ी सौगात दी गई है। द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) ने दिल्ली सरकार की ओर से महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण के लिए चार महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ किया। इस पहल को ‘नारी शक्ति’ को समर्पित बड़ा उपहार माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान 40,642 बालिकाओं को लगभग 100 करोड़ रुपये की डीबीटी (Direct Benefit Transfer) सहायता प्रदान की गई। इस आर्थिक सहायता का उद्देश्य बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने भविष्य को मजबूत कर सकें
सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से बालिकाओं की पढ़ाई जारी रखने, उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहन और सामाजिक सुरक्षा को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही महिलाओं के समग्र विकास और सशक्तिकरण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली सरकार ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की है। द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में इन पहलों को लागू किया गया, जिन्हें महिलाओं के लिए बड़ा उपहार माना जा रहा है।
महिलाओं को सुरक्षित और सुलभ सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड’ योजना के तहत मुफ्त बस यात्रा की शुरुआत की गई है। इस योजना से राजधानी में महिलाओं को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं होली के अवसर पर महिलाओं को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए लगभग 129 करोड़ रुपये डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से ट्रांसफर किए जाएंगे, ताकि महंगाई के बीच उन्हें आर्थिक राहत मिल सके। इसके अलावा ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ का भी शुभारंभ किया गया है। इस योजना का उद्देश्य बेटियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना, उनकी शिक्षा और भविष्य को मजबूत करना तथा समाज में उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।

