सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र स्थित बापू सभागार मे आयोजित पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (पी.एम.सी.एच.) के शताब्दी वर्ष समारोह को संबोधित करते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आप सबको मालूम है कि पहले बिहार की क्या स्थिति थी। जब हमलोग वर्ष 2005 में सरकार में आए तो यहां विकास के कई काम किए गए। पहले शाम के बाद कोई घर से बाहर नहीं निकल पाता था। भय का वातावरण था। अब लोग देर रात तक बाहर रहकर अपना काम करते हैं और निर्भीक होकर घूमते हैं।
बिहार के विकास में केंद्र का भी सहयोग मिल रहा है। बिहार बहुत आगे बढ़ेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सब यहां कार्यक्रम में आये हैं यह बहुत खुशी की बात है। पी०एम०सी०एच० को विश्वस्तरीय अस्पताल बनाने के लिए बहुत तेजी से काम हो रहा है। पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक माह में सिर्फ 39 मरीज इलाज कराने आते थे। हमलोगों ने सरकारी अस्पतालों में मुफ्त दवा एवं इलाज की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई, जिसके कारण अब एक माह में औसतन 11 हजार से अधिक मरीज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने पहुंच रहे हैं। पहले हिंदू-मुस्लिम में काफी झगड़ा होता था। बिहार में हमलोगों की सरकार बनने के बाद अब कहीं कोई विवाद नहीं होता है। समाज के सभी लोगों के लिए चाहे वे हिंदू हों या मुस्लिम हों, अगड़े हों या पिछड़े हों या अति पिछड़े हों, दलित हों या महादलित हों, सभी लोगों के विकास के लिए काम किया है।