नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण आज यानि मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने अशोक चव्हाण को पार्टी की सदस्यता की दिलाई। अशोक चव्हाण ने आज कहा था कि वह सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होंगे। चव्हाण ने सोमवार को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
इससे पहले उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं मुंबई स्थित भाजपा कार्यालय जाकर आज उसमें (भाजपा में) शामिल हो रहा हूं। आज मेरे जीवन के नए राजनीतिक करियर की शुरुआत है।” जब चव्हाण से यह पूछा गया कि क्या उन्हें वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने कोई फोन किया, तो उन्होंने इसका कोई जवाब नहीं दिया।
#WATCH | Former Maharashtra CM Ashok Chavan joins the BJP at the party's office in Mumbai. He recently quit Congress.
Former Congress MLC Amar Rajurkar also joined the BJP. pic.twitter.com/2833wY76am
— ANI (@ANI) February 13, 2024
पूर्व मुख्यमंत्री एस बी चव्हाण के बेटे अशोक चव्हाण (65) ने सोमवार को इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस छोड़ना उनका स्वतंत्र फैसला है और उन्होंने अपने इस फैसले का कोई विशेष कारण नहीं बताया। महाराष्ट्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं बाबा सिद्दीकी और मिलिंद देवड़ा ने भी कुछ दिन पहले पार्टी छोड़ दी थी। चव्हाण मराठवाड़ा क्षेत्र के नांदेड़ जिले के रहने वाले हैं। वह 2014-19 के दौरान कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख भी थे। उन्होंने भोकर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था और वह नांदेड़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद भी रह चुके हैं।