होली को देखते हुए शहर के बाजारों में रौनक आ गई है। मिठाई की दुकानों पर सुबह से देर रात तक ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। खासकर गुजिया, मावा मिठाई, लड्डू और नमकीन की खरीदारी तेज हो गई है। कारोबारियों के अनुसार इस बार होली पर शहर में कई करोड़ रुपये के मिठाई कारोबार की संभावना है। बाजार में पारंपरिक मिठाइयों के साथ-साथ ड्राई फ्रूट गिफ्ट पैक, चॉकलेट बॉक्स और कॉर्पोरेट गिफ्ट की मांग भी बढ़ी है। परिवार और रिश्तेदारों को उपहार देने की परंपरा के चलते गिफ्ट आइटम की बिक्री में भी अच्छा उछाल देखने को मिल रहा है।
मिठाई कारोबारी अमित अहूजा ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार ग्राहकों की संख्या अधिक है और लोग गुणवत्ता पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। हर बार की तरह इस बार भी विशेष होली पैक तैयार किए गए हैं। जिनमें गुजिया और अन्य मिठाइयों का कॉम्बो रखा गया है। त्योहारी माहौल के बीच बाजारों में खरीदारी का उत्साह साफ नजर आ रहा है। इस पर्व में गुजिया मिठास घोल रही है। गुजिया का अपना एक विशेष महत्व है। नगर से लेकर देहात तक के लोग गुजिया की खरीददारी जमकर कर रहे हैं। सादा मावा गुजिया के साथ-साथ इस बार केसरिया, ड्राई फ्रूट्स और चंद्रकला गुजिया की भी भारी मांग है।
लोग न केवल अपने घरों के लिए बल्कि रिश्तेदारों और दोस्तों को उपहार स्वरूप भेंट करने के लिए भी मिठाई के डिब्बे पैक करा रहे हैं। वहीं दूसरे व्यापारी ने बताया कि विभिन्न प्रकार की दालमोठ, चटपटी मिक्सचर और खास तौर पर होली के लिए बनाए गए पापड़ों के दर्जनों आइटम बिक रहे हैं। इसके साथ ही सेहत के प्रति जागरूक लोग मिठाइयों के विकल्प के रूप में ड्राई फ्रूट्स को भी प्राथमिकता दे रहे हैं। काजू, बादाम, पिस्ता और अखरोट के आकर्षक गिफ्ट पैकेटों की जमकर बिक्री हो रही है। दुकानदारों का कहना है कि इस बार पिछले सालों की तुलना में ग्राहकों में अधिक उत्साह दिखाई दे रहा है, जिससे व्यापार में भी काफी उछाल आया है।
होली के पकवानों के लिए बढ़ी खरीदारी
होली पर बनने वाले पारंपरिक पकवानों की तैयारी के चलते किराना दुकानों पर सूजी, मैदा, देशी घी, रिफाइंड तेल, ड्राई फ्रूट और मसालों की बिक्री में जबरदस्त बढ़ोतरी देखी जा रही है। महिलाएं घर पर गुझिया, मालपुआ और अन्य मिठाइयां बनाने के लिए सामग्री जुटाने में लगी हुई हैं। दुकानदारों के अनुसार इस बार लोग अधिक मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं ताकि त्योहार के दिन किसी तरह की कमी न रहे। देर शाम तक दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बनी रहती है।
मिलावट के डर से खाद्य पदार्थों में सतर्कता
खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका के चलते इस बार लोग मावा, खोया और अन्य सामग्री खरीदते समय अधिक सतर्क नजर आ रहे हैं। ग्राहक अब केवल भरोसेमंद दुकानों से ही खरीदारी करना पसंद कर रहे हैं। कई लोग पैक्ड और ब्रांडेड उत्पादों की ओर भी रुझान दिखा रहे हैं ताकि गुणवत्ता को लेकर किसी तरह का समझौता न हो। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक अब पहले की तुलना में ज्यादा सवाल पूछ रहे हैं और सामान की शुद्धता पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।
कपड़ों और रेडीमेड शॉप्स पर ग्राहकों की भीड़
होली पर नया पहनावा पहनने की परंपरा को निभाते हुए कपड़ों की दुकानों और रेडीमेड शोरूम में भी अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है। हरथला, नवीनगर और बुद्धि विहार जैसे इलाकों में स्थित शोरूम देर रात तक खुले रह रहे हैं। पुरुष, महिलाएं और बच्चे सभी अपने-अपने पसंदीदा ट्रेंड के अनुसार कपड़ों का चयन कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस बार लोग फैशन ट्रेंड के साथ-साथ आरामदायक कपड़ों को भी प्राथमिकता दे रहे हैं।
बच्चों और युवाओं में खास उत्साह
होली को लेकर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मुखौटे, वाटर गन और रंग-बिरंगे गुब्बारे इस बार खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। युवा वर्ग अपने दोस्तों के साथ मिलकर समूह में खरीदारी कर रहा है, वहीं बच्चे नई-नई डिज़ाइन वाली पिचकारियां देखकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। बाजारों में बच्चों की चहक और युवाओं की मस्ती से त्योहार की रौनक और बढ़ गई है।
व्यापारियों के चेहरे पर लौटती मुस्कान
त्योहारी खरीदारी के चलते व्यापारियों के चेहरों पर भी खुशी साफ झलक रही है। दुकानदारों का कहना है कि इस बार ग्राहक नए ट्रेंड को ज्यादा तवज्जो दे रहे हैं और क्वालिटी को लेकर भी सजग हैं। कपड़ों से लेकर खाद्य सामग्री तक, हर चीज में पसंद और गुणवत्ता को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे व्यापारियों को उम्मीद है कि इस बार होली का त्योहार उनके लिए अच्छा कारोबार लेकर आएगा।

