पटना। बिहार में शिवहर संसदीय सीट से महिलाओं ने पांच बार आधी आबादी की आवाज को संसद में बुलंद किया, वहीं इस बार इस सीट से लगातार तीन बार की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद रमा देवी को बेटिकट कर दिया गया है। शिवहर संसदीय सीट वर्ष 1977 में अस्तित्व में आया। वर्ष 1977 से वर्ष 2019 तक हुये लोकसभा चुनाव में शिवहर संसदीय सीट से पांच बार महिलाओं ने आधी आबादी की आवाज को संसद में बुलंद किया है। राम दुलारी सिंह दो बार और रमा देवी तीन बार शिवहर की सांसद बनी हैं।
बिहार में अबतक हुये लोकसभा चुनाव में सर्वाधिक चार बार जीतने वाली रमा देवी को भाजपा ने इस बार के चुनाव में शिवहर से बेटिकट कर दिया है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सीटों के तालमेल के तहत शिवहर सीट इस बार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) को मिली है। जदयू ने शिवहर सीट से पूर्व सांसद लवली आनंद को चुनावी रणभूमि में उतारा है।