थाईलैंड के अधिकारी गोवा के उस नाइट क्लब के सह-मालिक गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा को निर्वासित करने की प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं, जहां छह दिसंबर को आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि बैंकॉक स्थित भारतीय दूतावास इस मामले में थाईलैंड के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। सूत्रों ने बताया कि दूतावास के हस्तक्षेप के बाद सौरभ और गौरव लूथरा को थाई अधिकारियों ने फुकेत में हिरासत में ले लिया है।
उन्होंने बताया, ‘‘थाईलैंड के अधिकारी फिलहाल स्थानीय कानूनों के अनुसार कार्रवाई कर रहे हैं, जिसमें दोनों को भारत वापस भेजना भी शामिल है।’’ उत्तरी गोवा के ‘बर्च बाय रोमियो लेन’नाइटक्लब के सह-मालिक गौरव और सौरभ लूथरा आग लगने की घटना के तुरंत बाद थाईलैंड के फुकेत भाग गए।उनके खिलाफ इंटरपोल का ‘ब्लू कॉर्नर’ नोटिस जारी किया गया है। दिल्ली की एक अदालत ने बुधवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया, जबकि उनके साझेदार को आगजनी की घटना के सिलसिले में हिरासत में लिया गया।

