चंडीगढ़। हरियाणा के सरकारी चिकित्सकों ने राज्य सरकार से उनकी मागों को स्वीकार किए जाने का आश्वासन मिलने के बाद शनिवार को अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त कर दी। हरियाणा सिविल चिकित्सा सेवाएं (एचसीएमएस) संगठन के प्रमुख ने यह जानकारी दी। हड़ताल खत्म होने के बाद चिकित्सक अस्पतालों में लौट गए।
एचसीएमएस के अध्यक्ष डॉ. राजेश ख्यालिया ने कहा, ”प्रदर्शनकारी चिकित्सकों के प्रतिनिधियों और हरियाणा के मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव अमित अग्रवाल के बीच शुक्रवार को हुई बैठक के बाद हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया गय़ा।” उन्होंने कहा, ”हमने हड़ताल वापस ले ली है।” ख्यालिया ने बताया कि सरकार ने चिकित्सकों की मांगों को स्वीकार कर लिया है और 15 अगस्त से पहले इन्हें अधिसूचित करने का आश्वासन भी दिया है।