लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर छिड़े विवाद के बीच शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महाराष्ट्र की तरह बिहार में भी आगामी विधानसभा चुनाव को ‘‘चोरी’’ करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने यहां ‘संविधान बचाओ समावेश’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) गठबंधन के घटक दलों ने भाजपा को बिहार विधानसभा चुनाव की ‘चोरी करने’ से रोकने का फैसला किया है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘महाराष्ट्र की तरह, बिहार में भी चुनावों को ‘हाईजैक’ करने की कोशिश की जा रही है। भाजपा पूरे देश में हमारे संविधान पर हमला कर रही है।’’ उन्होंने दावा किया कि ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में घटक दलों ने, बिहार में भाजपा को चुनाव की ‘‘चोरी करने’’ से रोकने का फैसला किया है। बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।