गुवाहाटी। लोकसभा चुनाव 2024 के बीच गलत इरादे से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का फर्जी वीडियो शेयर करने वालों पर लगातार एक्शन जारी है। इस मामले में कई लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी को इस मामले में नोटिस जारी किया गया है और असम से एक शख्स को गिरफ्तार भी किया गया है। अब खुद गृह मंत्री अमित शाह ने फर्जी वीडियो मामले पर बयान जारी किया है। उन्होंने कहा है कि ऐसे काम विपक्ष की हताशा और निराशा को साफ तौर पर दिखाते हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस यह झूठ फैला रही है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तीसरे कार्यकाल के लिए सत्ता में आई तो उसका इरादा संविधान बदलने और आरक्षण समाप्त करने का है। शाह ने दावा किया कि जनता के आशीर्वाद और समर्थन से भाजपा लोकसभा चुनाव में 400 से अधिक सीट जीतने के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है।