ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रसायन फैक्ट्री में हुए विस्फोट के मामले में दुर्घटनास्थल से एक और शव मिला है जिसके बाद मृतक संख्या बढ़कर नौ हो गई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने डोंबिवली एमआईडीसी के फेज दो में स्थित ‘अमुदान केमिकल्स’ के मालिकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। कल्याण के तहसीलदार सचिन शेजल ने बताया कि मृतक संख्या नौ हो गई है और यह बढ़ भी सकती है क्योंकि उन्हें परिसर में और शव होने का संदेह है। अधिकारी ने कहा, ‘‘मलबा हटाया जा रहा है।’’
उन्होंने बताया कि आसपास के कारखानों में काम करने वाली कई महिलाओं सहित 64 लोग इस हादसे में घायल हो गए और कम से कम छह अलग-अलग अस्पतालों में उनका इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डोंबिवली में एआईएमएस अस्पताल में 24 मरीजों का इलाज हो रहा है। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रसायन कारखाने में बृहस्पतिवार अपराह्न विस्फोट होने के बाद आग लग गयी थी।

