पंचकुला (हरियाणा)। भाला फेंक खिलाड़ी डीपी मनु को राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) के निर्देश पर भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने प्रतियोगिताओं से दूर रहने के लिए कहा है क्योंकि ओलंपिक का टिकट पक्का करने के करीब पहुंच चुका यह खिलाड़ी डोपिंग के संदेह में है।
एशियाई चैम्पियनशिप 2023 में रजत पदक जीतने वाले 24 साल के इस खिलाड़ी का विश्व रैंकिंग कोटा के माध्यम से ओलंपिक क्वालीफिकेशन लगभग निश्चित था। इस मामले के सामने आने के बाद हालांकि उनका पेरिस ओलंपिक की दौड़ से बाहर होना लगभग तय है। वह यहां गुरुवार से शुरू हुई राष्ट्रीय अंतर-राज्य चैंपियनशिप के लिए शुरुआती प्रवेश सूची में थे। लेकिन बाद में जारी की गयी सूची से उनका नाम हटा दिया गया।

