गुवाहाटी। असम में शुक्रवार को बाढ़ की स्थिति और खराब हो गई तथा राज्य की प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। असम में लगभग 22 लाख लोग बाढ़ के कारण प्रभावित हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने डिब्रूगढ़ शहर की स्थिति की समीक्षा की। यह जिला पिछले आठ दिनों से जलमग्न है और यहां बिजली व्यवस्था भी ठप पड़ी है। उन्होंने डिब्रूगढ़ के कुछ इलाकों का पैदल दौरा किया और लोगों से बातचीत की।
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा, ”हम डिब्रूगढ़ शहर में जलभराव की समस्या का समाधान निकालने के लिए विशेषज्ञों और स्थानीय निवासियों की मदद लेंगे।” अधिकारियों ने बताया कि नालियों के जाम होने के कारण डिब्रूगढ़ में जलभराव हो गया है तथा ब्रह्मपुत्र नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे पानी की निकासी में दिक्कतें आ रही हैं। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री शर्मा से बिजली आपूर्ति बहाल करने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है ताकि करंट लगने जैसी किसी भी अप्रिय दुर्घटना से बचा जा सके।