बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे के बीच 8,600 से अधिक तीर्थयात्री वार्षिक अमरनाथ तीर्थयात्रा के लिए सोमवार तड़के जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुए। अधिकारियों ने जानकारी दी। अनंतनाग जिले के पहलगाम और गांदरबल जिले के बालटाल से शुरू हुई 38 दिवसीय अमरनाथ यात्रा में अब तक 70,000 से अधिक तीर्थयात्री 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा में दर्शन कर चुके हैं।
अधिकारियों ने बताया कि 8,605 तीर्थयात्रियों के छठे जत्थे में 6,486 पुरुष, 1,826 महिलाएं, 42 बच्चे और 251 साधु-साध्वियां शामिल थे। यह जत्था 372 वाहनों में सवार होकर रविवार देर रात साढ़े तीन बजे और सोमवार तड़के चार बजकर 25 मिनट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से कश्मीर के दो आधार शिविरों के लिए रवाना हुआ।