अदालत के आदेश के बाद संचालित अतिक्रमण रोधी अभियान के दौरान बुधवार तड़के मध्य दिल्ली के तुर्कमान गेट में झड़पें और पथराव की घटना के मद्देनजर वहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनी रहेगी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की पर्याप्त तैनाती की गई है।
वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘इलाके में फिलहाल शांति है। बुधवार तड़के झड़पें उस समय हुईं जब दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अधिकारियों ने दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद तुर्कमान गेट के सामने रामलीला मैदान क्षेत्र में फैज-ए-इलाही मस्जिद और कब्रिस्तान के पास अवैध कब्जा हटाने का अभियान चलाया।

