नई दिल्ली, 19 फरवरी 2026 समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री श्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने आज ए-ब्लॉक, जहांगीरपुरी, आदर्श नगर, दिल्ली में अटल कैंटीन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आदर्श नगर के विधायक श्री राजकुमार भाटिया सहित सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
उद्घाटन के दौरान मंत्री ने स्वयं बुजुर्गों को भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर भोजन भी किया। इस भावनात्मक क्षण ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया और उपस्थित लोगों ने इस मानवीय पहल की सराहना की। कैंटीन के शुरू होने पर स्थानीय नागरिकों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल श्रमिकों और जरूरतमंद वर्ग के लिए अत्यंत राहतकारी साबित होगी।
मंत्री श्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि अटल कैंटीन गरीब और जरूरतमंद लोगों को सम्मानपूर्वक भोजन उपलब्ध कराने की एक महत्वपूर्ण पहल है। यह लोगों का अधिकार है और वंचित वर्ग को आगे बढ़ाने के लिए सरकार हर आवश्यक कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि राजधानी में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए और हर जरूरतमंद को भरपेट भोजन मिले।
मंत्री ने बताया कि आज दिल्ली में 25 और नई अटल कैंटीनों की शुरुआत की गई है, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को मात्र 5 रुपये में प्रति व्यक्ति भरपेट पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा सकेगा।
मंत्री ने आगे कहा कि अटल कैंटीन योजना की कल्पना माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में की गई, ताकि दिल्ली के हर जरूरतमंद को सस्ता और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा सके। 25 दिसंबर को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के अवसर पर इस योजना की शुरुआत की गई थी।
अंत में मंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प स्पष्ट है—कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए। इसी लक्ष्य के साथ अटल कैंटीन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तार निरंतर किया जाता रहेगा।

