तेल अवीव: मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है, क्योंकि इजराइल ने ईरान पर बड़े पैमाने पर हमले शुरू कर दिए हैं। इजराइली अधिकारियों ने इसे ‘प्रीएम्प्टिव स्ट्राइक’ यानी पहले से तय रक्षात्मक कार्रवाई बताया है। इस घटना से क्षेत्रीय अस्थिरता बढ़ गई है, और इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने देशभर में ‘विशेष स्थायी आपातकाल’ घोषित कर दिया है। नागरिकों को सतर्क रहने और संभावित खतरे के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है।
शनिवार को इजराइल ने ईरान की राजधानी तेहरान के मध्य भाग पर हवाई हमले किए, जहां से घने धुएं के बादल उठते देखे गए। हमले का निशाना ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के दफ्तरों के आसपास का इलाका लग रहा है। ईरानी सरकारी टीवी ने दफ्तरों के नजदीक विस्फोटों की पुष्टि की, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि 86 वर्षीय खामेनेई उस वक्त वहां थे या नहीं। अमेरिका के साथ बढ़ते विवाद के बीच वे कई दिनों से सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं। हमला ऐसे समय हुआ जब अमेरिका ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर दबाव बनाने के लिए क्षेत्र में लड़ाकू विमानों और युद्धपोतों की बड़ी तैनाती की हुई है।

