सोबती अस्पताल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब अस्पताल के ही एक पूर्व ड्राइवर ने ड्यूटी पर तैनात महिला कर्मचारी के हाथ से हजारों रुपए की नकदी छीन ली और रफूचक्कर हो गया। यह वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। इस मामले में थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी गुरप्रीत सिंह सोबती अस्पताल में ही ड्राइवरी की नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि 21 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे डॉक्टर ने किसी कारणवश गुरप्रीत को नौकरी से हटा दिया था। नौकरी से निकाले जाने की रंजिश या लालच में आकर आरोपी ने दोपहर को वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।
शिकायतकर्ता महिला आंचल कर्मचारी ने बताया कि दोपहर करीब 3:15 बजे जब वह अस्पताल की अपनी ड्यूटी पर मौजूद थी और कैश की गिनती कर रही थी, तभी अचानक गुरप्रीत सिंह वहां पहुंचा। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाती, आरोपी ने झपट्टा मारकर उसके हाथ में पकड़े 33,500 रुपए छीन लिए और मौके से फरार हो गया। पीड़ित महिला ने तुरंत इस घटना की सूचना अस्पताल प्रबंधन और पुलिस को दी।

