Bihar Politics: बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी चर्चाओं का बाजार गर्म है। राजनीतिक हलकों में यह चर्चा है कि राजद नेता तेजस्वी यादव महागठबंधन से राज्यसभा के उम्मीदवार हो सकते हैं। इन अटकलों के बीच अब बीजेपी नेता निखिल आनंद की ओर से एक चौंकाने वाला दावा किया गया है।
दरअसल निखिल आनंद ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा है कि, तेजस्वी यादव वाकई राज्यसभा जा रहे हैं? अगर यह सच है तो वह निश्चित रूप से राघोपुर की खाली सीट से अपनी पत्नी रेचल गोडिन्हो उर्फ राजश्री यादव को चुनाव लड़वाना चाहेंगे।
‘पत्नी के अलावा दूसरे पर भरोसा नहीं’
निखिल आनंद ने कल रविवार 1 मार्च को एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि, कानूनी पचड़े में फंसने की स्थिति में तेजस्वी अपनी पत्नी को आगे बढ़ाने का विकल्प बरकरार रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि, परिवार और पार्टी में चल रहे टकराव और कानूनी चुनौती को देखते हुए तेजस्वी अपनी पत्नी के अलावा किसी भी दूसरे पर भरोसा नहीं करना चाहते हैं। तेजस्वी खुद को परिवार से अलग कर अपने पिता (लालू यादव) की तरह पार्टी को चलाना चाहते हैं।
सदमे में हैं तेजस्वी यादव- निखिल आनंद
बीजेपी नेता ने कहा कि, इसका मतलब यह भी है कि बिहार विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद वह (तेजस्वी यादव) अब भी सदमे में हैं। तेजस्वी असुरक्षित और थोड़ा परेशान हो गए हैं। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में वह पार्टी का नेतृत्व करने का आत्मविश्वास भी खो चुके हैं। पार्टी और परिवार के भीतर संघर्ष ने उन्हें गंभीर रूप से असहज कर दिया है।
‘राजद का खत्म होना तय’
निखिल आनंद ने यह भी दावा किया कि, राजद एक बिहार केंद्रित पार्टी है और जब उनका परिवार बिहार की पार्टी से दूरी बना लेगा तो अगले विधानसभा चुनाव तक राज्य में आरजेडी का खत्म होना तय है। बीजेपी नेता ने आगे यह भी कहा कि, चौतरफा असमंजस की स्थिति में घिरे तेजस्वी बिहार से बाहर एक सुरक्षित ठिकाना ढूंढना चाहते हैं, जहां पर वे विलासिता का आनंद लेते हुए खुशी से जीवन-यापन की गाड़ी आगे बढ़ा सकें।

