नई दिल्ली: दिल्ली के रिठाला इलाके में गुरुवार सुबह झुग्गियों में भीषण आग लग गई, जिसमें 50 से ज़्यादा झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं. दिल्ली फायर सर्विसेज़ ने एक ऑपरेशन शुरू किया और घनी झुग्गियों में तेज़ी से फैल रही आग पर काबू पाने के लिए लगभग 16 फायर इंजन लगाए गए. अधिकारी ने बताया कि इस घटना में अभी तक किसी के घायल होने या मौत की खबर नहीं है.
जानकारी के मुताबिक आग लगने के बाद से एक लड़की लापता बताई गई है. अभी तलाशी अभियान चल रहा है. आग लगने का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है. दिल्ली फायर सर्विसेज़ के मुताबिक, आग लगने की सूचना सुबह करीब 4.15 बजे मिली थी.
एक फायर अधिकारी ने कहा, “कॉल मिलने के तुरंत बाद टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया. आग ने कई झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया.” शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि इलाके में 50 से ज़्यादा झुग्गियां थीं, जिनमें से कई आग में जलकर राख हो गईं. फायरफाइटर्स और लोकल पुलिस वालों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सुबह 6.30 बजे तक आग पर काबू पा लिया.
बता दें कि बाहरी दिल्ली के टिकरी इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक वेयरहाउस में 2 मार्च को भीषण आग लग गई थी. आग इतनी भयावह थी कि इसकी लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में राहत कार्य शुरू किया गया था.
