नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के करोल बाग इलाके में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. झंडेवालान हनुमान मंदिर के पास यात्रियों से भरी एक इंटर स्टेट स्लीपर डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना देकर तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया. 
डीसीपी सेंट्रल ने आधिकारिक रूप से जानकारी दी है जिसके मुताबिक-दिनांक 25.03.2026 को लगभग 01:05 AM बजे, PS करोल बाग में DD संख्या 11A के माध्यम से एक PCR कॉल प्राप्त हुई. यह कॉल हनुमान मंदिर, चैम्बरी के पास एक स्लीपर टूरिस्ट बस के पलटने के संबंध में थी, जिसमें कई यात्रियों के घायल होने की सूचना थी, पंजीकरण संख्या RJ-14PE-5065 वाली यह बस एक टूरिस्ट स्लीपर बस थी (क्षमता लगभग 70 यात्री), जो जयपुर से फतेहपुरी, सदर बाजार, दिल्ली की ओर जा रही थी. घटना के समय बस में लगभग 30 यात्री सवार थे. तत्परता दिखाते हुए, SHO करोल बाग, अजमल खान रोड पर तैनात लिंक पिकेट स्टाफ (SI रण सिंह) और रात की गश्त पर मौजूद स्टाफ – Ct. रोहित, Ct. मोहित और Ct. सतीश – के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. बस पलटी हुई मिली, जिसके अंदर यात्री फंसे हुए थे और मदद के लिए गुहार लगा रहे थे. शुरुआत में लगभग 10 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बचाया गया और उपलब्ध एम्बुलेंस की सहायता से सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में करीब 30 यात्री सवार थे. हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 23 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें सर गंगाराम अस्पताल और राम मनोहर लोहिया अस्पताल प्रमुख हैं. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज जारी है.
बस मेट्रो लाइन के नीचे से गुजर रही थी, तभी अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया. बस सड़क पर पलट गई. बस के पलटते ही उसमें सवार यात्री अंदर फंस गए. स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला गया. हासे की सूचना दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य शुरू किया गया.
करोल बाग एसएचओ के मुताबिक हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जिनमें से एक की पहचान कर ली गई है, जबकि दूसरे की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है. दूसरे मृतक की पहचान करने का प्रयास जारी है. वहीं, घायलों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बस के पलटने के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में चालक की लापरवाही या तेज रफ्तार की आशंका जताई जा रही है, हालांकि तकनीकी खराबी के पहलू को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है. बस चालक भी घायल है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.

