राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोप में जेल में बंद अविनाश शुक्ला को 13 घंटे के लिए पुलिस कस्टडी में देने का आदेश हुआ है। यह आदेश विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम रजत वर्मा की अदालत से हुआ है। तीन जुलाई की सुबह 9 बजे विवेचक सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी उसे जेल से अपनी अभिरक्षा में लेकर प्रतापगढ़ जाएंगे और वहां उसकी निशानदेही पर आवश्यक सामानों की बरामदगी करेंगे।
आरोपी अविनाश शुक्ला 26 जून से जिला जेल में बंद है। उसने जेल में विवेचक को बाइक और अन्य सामान प्रतापगढ़ जिले से किसी स्थान से बरामद करवाने के लिए बयान दिया था। इस पर विवेचक ने आरोपी को 48 घंटे के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड पर देने के लिए कोर्ट में अर्जी दी थी। जिस पर कोर्ट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आरोपी और कोर्ट में उसके अधिवक्ता कुल शेखर सिंह व स्पेशल लोक अभियोजक की बहस सुनी।

