– चन्द्रकान्त पाराशर (होनोलूलू हवाई,अमेरिका प्रवास)
होनोलूलु(हवाई)16-6-26 : विश्व भर के सैलानियों की पहली पसंद बनता जा रहा अमेरिका का पचासवां राज्य हवाई के सुंदर समुद्री-तट ,बेहतरीन आवोहवा ,रहवासियों का प्रकृति-प्रेम , पोलिनेशियन सांस्कृतिक केंद्र की चित्ताकर्षक प्रस्तुतियां आपको बार बार आने का निमंत्रण देती प्रतीत होती है । हवाई अपने प्राचीन समुद्र तटों, सक्रिय ज्वालामुखियों और वर्षावनों के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है।संयुक्त राज्य अमेरिका के इस हवाई राज्य में 8 मुख्य द्वीप हैं (जिन्हें ‘हवाइयन द्वीप’ कहा जाता है)। हवाई द्वीप समूह का सबसे बड़ा द्वीप है। और दूसरा प्रसिद्ध ओअहू द्वीप है ,हवाई राज्य की राजधानी, होनोलूलू, इसी ओअहू द्वीप पर स्थित है।
हवाई घूमने के लिए मध्य अप्रैल से जून (वसंत) और सितंबर से दिसंबर (शरद ऋतु) का समय सबसे अच्छा माना जाता है। इस दौरान मौसम बहुत सुहावना रहता है और पर्यटकों की भीड़ भी कम होती है।
मनमोहक प्राकृतिक स्थल और साफ़-सुथरे समुद्र-तट आपके मन को अनायास ही बरबस खींच लेने की क्षमता रखते हैं।जैसे :-
वाइकीकी बीच (Waikiki Beach): यह होनोलूलू का सबसे प्रसिद्ध और जीवंत समुद्र तट है, जो सर्फिंग, धूप सेकने और शाम की सैर के लिए बेहतरीन माना जाता है।इसी के मुहाने पर अपनी बेहतरीन सुख-सुविधाओं के लिए जाना जाने वाला शेराटन वाईकीकी सी बीच रिसॉर्ट भी स्थित है ।

डायमंड हेड स्टेट मॉन्यूमेंट (Diamond Head): यह एक विशाल ज्वालामुखीय क्रेटर (Volcanic Crater) है। इसके शिखर तक ट्रेकिंग करके आपको वाइकीकी और प्रशांत महासागर का शानदार नजारा देखने को मिलता है।
हानाउमा बे (Hanauma Bay): यदि आपको स्नॉर्कलिंग (Snorkeling) का शौक है, तो यह समुद्री संरक्षित क्षेत्र रंग-बिरंगी मछलियों और कछुओं को देखने के लिए सबसे अच्छी जगह है।
ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों को देखने के क्रम में
द्वितीय विश्व युद्ध के इतिहास को समेटे हुए पर्ल हार्बर नेशनल मेमोरियल (Pearl Harbor) पर जाना कदापि ना भूलें । यहाँ आप युद्ध के शहीदों को समर्पित USS Arizona Memorial देख सकते हैं।
हवाई राज्य हर आगंतुक पर्यटक पर एक जादुई, गहरा और अविस्मरणीय प्रभाव छोड़ता है, जिसे यहाँ की भाषा में ‘अलोहा स्पिरिट’ (Aloha Spirit) कहा जाता है। यह सिर्फ एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि एक अनोखा अनुभव है जो मानसिक शांति और आत्मिक जुड़ाव; प्राकृतिक सुंदरता व पर्यावरण के प्रति सम्मान की उत्कृष्ट भावना का संचार करता प्रतीत होता है ।: हवाई के निवासीगण अपनी प्रकृति-भू देवी (जिसे वे ‘एना’ यानी धरती माँ कहते हैं) से बेहद प्यार करते हैं। यह देखकर हर पर्यटक के मन में भी पर्यावरण को बचाने की प्रेरणा जगती है।
एक गहरी सांस्कृतिक छाप को भी मन-मस्तिष्क में छोड़ता यह राज्य अमेरिका का हिस्सा होने के बावजूद, हवाई पूरी तरह से अलग मिश्रित सांस्कृतिक अनुभव देता है। यहाँ का हुला डांस, उकुलेले संगीत, और पारंपरिक पोलिनेशियन इतिहास दिल को छू लेता है।
यहाँ एशियाई, अमेरिकी और स्थानीय हवाईयन संस्कृतियों का ऐसा खूबसूरत मिश्रण है, जो आपको दुनिया के किसी और कोने में देखने को नहीं मिलेगा। विविधता के इस संगम में सैलानी बरबस ही हवाई की सुरमय खुशबू से सराबोर हवाओं में झूमने लगते हैं ।

